अमेरिका के ओहायो में आगे बढ़ो के नारे से चुनाव अभियान की शुरूआत करने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए अपने शासनकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि पिछले चार साल के कार्यकाल में उन्होंने देश को आर्थिक मन्दी से बाहर निकाला है और दोबारा राष्ट्रपति चुने जाने पर वह अपने इस प्रयास को और आगे बढ़ायेंगे।
रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार मिट रोमनी पर टिप्पणी करते हुए ओबामा ने कहा कि देश कभी भी ऐसे नेता का चुनाव नहीं करेगा जो उसे पीछे ले जाये। यह चुनाव महज एक चुनाव नहीं है। यह मध्यमवर्गीय अमेरिकियों के कलए करो या मरो जैसा ही है। लक्ष्य का पीछा करते करते हम बहुत आगे आ चुके हैं और ऐसे में पीछे नहीं मुड़ सकते। ये चुनाव मेरे लिए खास है। ओबामा ने यह स्वीकार किया कि चुनाव में कांटे की टक्कर होगी।
मिट रोमनी के लिए उन्होंने कहा कि वे एक अच्छे इंसान और व्यापारी हैं। इसलिए उनकी हर नीति से सिर्फ अमीरों को ही लाभ मिलेगा, गरीबों और मध्यमवर्ग को नहीं। इस छोटे से वाक्य में उन्होंने बहुत कुछ कह डाला जो उनकी चतुराई को उजागर करता है। मेरा भी मानना है कि अमेरिकी जनता को बराक ओबामा को एक मौका और देना चाहिए। एक टर्म किसी देश की समस्या को पूर्णंरूप से सुलझाने के लिए पर्याप्त नहीं होता है। निःसन्देह उन्होंने अमेरिकी जनता के लिए बहुत कुछ किया है जिसे नकारा नहीं जा सकता।
घट रही है ओबामा की सम्पत्ति
भारत में जहॉ अपने नेताओं के चुनाव जीतने के बाद उनकी सम्पत्ति में बेतहाशा वृद्धि होती है, वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की सम्पत्ति में कमी आना यह प्रदर्शित करता है कि उन्होंने अपने देश में कोई भ्रष्टाचार नहीं किया।
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल ओबामा के पास फिलहाल 26 लाख डॉलर (करीब 14 करोड़ रूपये) से लेकर 83 लाख डॉलर (करीब 45 करोड़ रूपये)की सम्पत्ति है जबकि वर्ष 2010 में उनकी सम्पत्ति करीब 18 लाख डॉलर (करीब 9 करोड़ 80 लाख रूपये) से एक करोड़ 20 लाख डॉलर (लगभग 65 करोड़ रूपये) के बीच थी। राष्ट्रपति द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक उनके पास जेपीमार्गेन चेज बैंक में भी 10 लाख डॉलर (करीब 5 करोड़ रूपये) जमा हैं। बैंक फिलहाल अमेरिकी संघीय जांच एजेन्सर एफबीआई की जांच के घेरे में है। बैंक द्वारा पिछले हफ्ते दो अरब डॉलर (करीब 108 अरब रूपये) के नुकसान के रहस्योदघाटन के बाद एफबीआई ने उसके खिलाफ जांच शुरू कर दी है। ओबामा ने यह जानकारी राष्ट्रपति चुनाव अभियान के बीच में दी है। वहीं उनके प्रतिद्वन्दी रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति पद के संभावित उम्मीदवार मिट रोमनी की सम्पत्ति 19 करोड़ डॉलर (करीब 10 अरब रूपये)से 25 करोड़ डॉलर (करीब 13 अरब रूपये) के बीच है।